Ranchi: आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र-सह-समन जारी किया है।उन्होंने बताया कि 48 वर्षीय सोरेन को केंद्रीय एजेंसी ने मामले के जांच अधिकारी को उनकी पसंद की तारीख, स्थान और समय के बारे में सूचित करने के लिए कहा है ताकि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया जा सके।एजेंसी ने मुख्यमंत्री से 31 दिसंबर तक जवाब मांगा है और ऐसा नहीं करने पर वह धन शोधन रोधी कानून के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी।सोरेन को जारी किया गया यह सातवां नोटिस या समन है लेकिन उन्होंने कभी भी ईडी के सामने गवाही नहीं दी है।पहला 14 अगस्त के लिए जारी किया गया था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और फिर झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर कर ईडी की कार्रवाई से सुरक्षा मांगी थी और समन को “अनुचित” बताया था।दोनों अदालतों ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी.सोरेन ने उच्च न्यायालय में दावा किया था कि समन दुर्भावना से जारी किया गया था और झारखंड में राजनीतिक अनिश्चितता और अशांति पैदा करने के एकमात्र उद्देश्य से उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए थे।ईडी के अनुसार, जांच झारखंड में “माफिया द्वारा भूमि के स्वामित्व में अवैध परिवर्तन के एक बड़े रैकेट” से संबंधित है।एजेंसी ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं, जो पहले राज्य समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त के रूप में कार्यरत थे।झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता से ईडी ने पिछले साल नवंबर में राज्य में कथित अवैध खनन से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की थी।



