जिले के देवघर प्रखंड अंतर्गत पुनासी पंचायत में आपकी-योजना आपकी-सरकार आपके-द्वार कार्यक्रम में डीसी विशाल सागर शामिल हुए। इस दौरान डीसी ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से सुयोग्य लाभुकों को लाभान्वित किया। आगे सभी को अवगत कराया कि सरकार का उद्देश्य है कि आमजनों के समस्याओं का समाधान और निराकरण को लेकर इसका आयोजन किया जा रहा है, ताकि अपने पंचायत में ही सभी अपने समस्याओं का आवेदन देने के साथ नई योजनाओं की जानकारी और लाभ लेने के तरीके से अवगत हो सके। आगे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ आवास योजना की जानकारी से सभी को अवगत कराते हुए डीसी ने कहा कि इस योजना का लाभ केवल आवास विहीन परिवारों (जिनके पास एक भी पक्का मकान नहीं है) को दिया जाएगा। साथ ही योजना के तहत तीन कमरों का पक्का मकान और रसोई घर का निर्माण होगा, जिसके लिए प्रति आवास 02 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी और 95 दिन का मनरेगा रोजगार भत्ता भी दिया जाएगा।इसके अलावा डीसी ने बच्चों व अभिभावकों से आग्रह किया कि शिक्षा समाज के उत्थान के लिये आवश्यक है। शिक्षा के अभाव में समाज और देश तरक्की नहीं कर सकता। ऐसे में हर व्यक्ति को शिक्षा के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। बच्चों को स्कूल भेजे, ताकि बच्चों का पढ़ाई लिखाई में ध्यान केंद्रित हो। आज सरकार बच्चों को स्कूल में मिड डे मील, पढ़ाई लिखाई हेतु स्कूल ड्रेस, बैग, किताब प्रदान कर रही है। साथ ही बच्चियों के सशक्तीकरण और उनको पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए सरकार ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत झारखंड सरकार 8वीं से 12वीं कक्षा तक में पढ़ने वाली लड़कियों को कुल 20000 रुपये की राशि प्रदान कर रही है। आगे सरकार की महत्वकांक्षी योजना गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी से सभी को अवगत कराते हुए कहा कि इस योजना के तहत पढ़ने वाले 10 वीं और 12 वीं कक्षा के बच्चों को 15 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा पुनासी पंचायत में पर्यटन की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना से सभी को अवगत कराया।



