रांची: छठ पूजा से पहले रांची नगर निगम 30 लाख रुपये की लागत से चार प्रमुख तालाबों का सौंदर्यीकरण करायेगा.इनमें जेल तालाब, चडरी तालाब, अरगोड़ा तालाब और स्वर्ण रेखा छठ तालाब शामिल हैं.निगम के अधिकारियों ने बताया कि रांची शहर में छोटे-बड़े 70 जलाशय हैं. कई जलाशय ऐसे हैं जिनका उपयोग नहीं किया जा सकता।जिससे छठ मनाने वाले नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.इसलिए इस बार नगर निगम ने शहर के चार प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया है.ताकि छठ के दौरान लोगों को त्योहार मनाने में कोई परेशानी न हो.इसके साथ ही नगर निगम सभी छठ घाटों की साफ-सफाई कर लाल रिबन भी लगायेगा.ताकि लोग अधिक गहराई में न जाएं और कोई अप्रिय घटना न घटे।सभी घाटों पर चेंजिंग रूम भी बनाये जायेंगे.घाटों में फैली गंदगी को नगर निगम द्वारा साफ कराया जायेगा.साथ ही घास काटने और तालाबों में खतरनाक स्थानों की पहचान की जाएगी।नगर निगम के अपर प्रशासक कुंवर सिंह पाहन ने बताया कि हर साल छठ से पहले नगर निगम की ओर से सभी घाटों की सफाई करायी जाती है.इस वर्ष भी शहर को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.इसके अलावा 30 लाख रुपये की लागत से शहर के चार तालाबों का सौंदर्यीकरण कार्य किया जायेगा.इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है.जल्द ही कंपनियों का चयन कर काम पूरा कर लिया जाएगा।इन तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण वार्ड 18 जेल तालाब- 16.8 लाख, वार्ड 18 चडरी तालाब- 6.30 लाख, वार्ड 26 अरगोड़ा तालाब- 8.85 लाख, वार्ड 46 स्वर्ण रेखा छठ तालाब (केतारी बगान)- 6 लाख.



