हज़ारीबाग़: झारखंड के हज़ारीबाग़ जिले में हुई हिंसा के मामले में सोमवार (9 अक्टूबर) को 271 लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया. हज़ारीबाग़ के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चोथे ने बताया कि घटना रविवार रात पेलावल इलाके में हुई जब बजरंग दल कार्यकर्ताओं से भरी बस रांची में एक कार्यक्रम से लौट रही थी. उन्होंने कहा कि जैसे ही बस एक मस्जिद के पास रुकी, उन्होंने कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए और कुछ आपत्तिजनक नारे भी लगाए. इसके बाद भीड़ ने कथित तौर पर बस को निशाना बनाया और पथराव किया. उन्होंने कहा कि हिंसा में बजरंग दल के कम से कम 10 कार्यकर्ता घायल हो गये.पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पेलावल थाने में 271 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें 71 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि बाकी अज्ञात हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस इलाके में गश्त कर रही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. उपायुक्त नैंसी सहाय ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.इस बीच, उपायुक्त नैंसी सहाय ने कहा कि इस हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगी. वहीं, एसपी ने कहा कि पुलिस ने समय रहते हालात पर काबू पा लिया है. गौरतलब है कि अगले साल जनवरी में अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन (राम मंदिर उद्घाटन तिथि) से पहले, विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल ने लोगों को अनुष्ठान के लिए आमंत्रित करने के लिए रविवार को रांची में चार ‘शौर्य जागरण यात्राएं’ निकालीं।



