मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के खिलाफ झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की है।सोरेन के वकील पीयूष चित्रेश ने कहा, “सोरेन ने ईडी द्वारा उन्हें समन जारी करने को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की।”मुख्यमंत्री ने याचिका की कॉपी ईडी कार्यालय भेजा है. ऐसे में अब यह तय हो गया है कि मुख्यमंत्री शनिवार को ईडी कार्यालय नहीं आयेंगे. इससे पहले 18 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में ईडी के समन के खिलाफ सोरेन की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था। शीर्ष अदालत के निर्देश के बाद सोरेन ने अपनी याचिका वापस ले ली। न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने सोरेन को मामले में राहत के लिए झारखंड उच्च न्यायालय जाने की छूट दी।सोरेन ने उन्हें जारी किए गए समन को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत में एक याचिका दायर की थी और आरोप लगाया था कि यह मामला केंद्र द्वारा स्पष्ट रूप से “कानून का दुरुपयोग” और उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास है।केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें 23 सितंबर को पेश होने के लिए कहा है.



