बीस सूत्री के तहत संचालित होनेवाले वाले विभिन्न कार्यक्रमों में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा वर्ष 2022-23 की उपलब्धियों पर जारी वार्षिक रिपोर्ट में 20 सूत्री के तहत संचालित होनेवाले सभी कार्यक्रम की उपलब्धियों का ब्योरा दिया गया है।जन वितरण प्रणाली के तहत जरूरतमंदों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने में झारखंड ने लक्ष्य के विरुद्ध 98 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की।इस योजना के तहत झारखंड को आवंटन किए गए 17,43,731 टन खाद्यान्न में 17,08,010 टन खाद्यान्न का वितरण हुआ।दीनदयाल अंत्योदय योजना (नेशनल रूरल लाइवलीहुड मिशन) के तहत सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी) के माध्यम से महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी झारखंड राज्य में बेहतर काम किया गया है। सेल्फ हेल्प ग्रुप के बैंक लिंकेज तथा लोन के रूप में राशि जारी करने में झारखंड ने लक्ष्य के विरुद्ध 80 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की। बैंक लिंकेज में करीब 82 प्रतिशत तथा राशि आवंटित करने में 81 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल हुई।ग्रामीण आवास योजना-ग्रामीण के तहत लक्ष्य के विरुद्ध 76 प्रतिशत ही उपलब्धि हासिल हो सकी। इस योजना के तहत 45, 26, 80 परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरुद्ध 3,45,773 परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा सका। ये सभी आंकड़े दिसंबर 2022 तक के हैं। मार्च 2023 तक के आंकड़े जब जारी होंगे तो निश्चित रूप से इसमें बढ़ोतरी की संभावना है।



