रांचीः झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर इंटेलिजेंस एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद हेमंत सरकार की चिंता बढ़ गई है। सभी जिलों के डीसी-एसपी को घुसपैठियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया गया है।खुफिया इनपुट का कहना है की संताल परगना समेत राज्य के अन्य जिलों में बांग्लादेशी घुसपैठिए जाली सरकारी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में अपना नाम जोड़वा कर बसने की कोशिश कर रहे हैं। खुफिया एजेंसियों ने इसे राज्य और देश की आंतरिक व्यवस्था के लिए खतरा बताते हुए इसकी निगरानी पर जोर दिया है। सभी जिलों के डीसी ने सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी को इसकी सतत निगरानी, जांच और सत्यापन के लिए निर्देश जारी किया है। रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने सभी बीडीओ, सीओ, थानेदार को बांग्लादेशी घुसपैठियों से संबंधित जांच कर इसकी रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है।डीसी द्वारा सदर और बुंडू के एसडीओ, सभी बीडीओ-सीओ और थानेदार को अपने-अपने क्षेत्र में नागरिकों का सत्यापन कराने, मुखबिर के जरिए क्षेत्र में आए नए लोग और बांग्लादेशी घुसपैठियों से संबंधित जानकारी जुटाकर उसका वेरिफिकेशन करने का निर्देश दिया गया है।डीसी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एवं बुण्डू को अपने क्षेत्र अंतर्गत अपने पर्यवेक्षण में जांच/सत्यापन कराने एवं प्रत्येक माह में समेकित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। वहीँ कुछ सूत्रों का कहना है की संताल परगना क्षेत्र में लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठिए रह रहे हैं और लगातार फ़ैल रहे हैं। स्थानीय नेताओं और लोगों की सहायता से पहचान पत्र बनवाकर वे जमीन की रजिस्ट्री भी करा रहे हैं।



