Ranchi: स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार को लेकर झारखण्ड सरकार द्वारा कई प्रयास किए जा रहे हैं। आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टाटा ट्रस्ट द्वारा कांके के कदमा में स्थापित नवनिर्मित रांची कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया।अस्पताल का संचालन टाटा कैंसर केयर फाउंडेशन के तत्वावधान में किया जाएगा। TCCF के माध्यम से कार्यान्वित किए जा रहे टाटा ट्रस्ट्स के ‘डिस्ट्रीब्यूटेड कैंसर केयर मॉडल’ का मुख्य उद्देश्य रोगियों के लिए विश्व स्तरीय कैंसर उपचार को सुलभ और किफायती बनाना है।सीएम ने कहा इस महत्वपूर्ण दिन के लिए टाटा समूह के वाइस चेयरमैन श्री नोएल टाटा जी समेत आप सभी लोगों को बधाई देते हुए आभार करता हूँ।काफी वर्षों से स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई छोटी-बड़ी चीजे जुड़ती आयी लेकिन जो कैंसर से सम्बंधित स्वास्थ्य सुविधा थी वो झारखण्ड में न के बराबर थी। सरकार बनने के बाद से ही इस संदर्भ में कई प्रयास किए गए।कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित लोग बड़ी तादाद में यहां से दूसरे राज्य जाने को मजबूर होते हैं। सरकार ने भी लोगों को कई माध्यमों से कैंसर के इलाज के लिए भेजा है। आज रांची में भव्य कैंसर अस्पताल जनता को समर्पित किया जा रहा है। मुझे विश्वास है यह अस्पताल झारखण्ड के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अस्पताल के साथ बना रीसर्च सेंटर भी देश में मील का पत्थर बने, इसका भी प्रयास किया जाय।आज कैंसर जैसी बीमारी की संख्या बहुत तेज़ी से बढ़ रही है। इस बीमारी के इलाज के लिए कई राज्यों में कैंसर पीड़ितों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है। हमने राज्यवासियों के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की है। जिसका लाभ लोगों द्वारा लिया जा रहा है। मैंने पहले भी कहा है कि स्वास्थ्य सुविधा लेने में गरीबी रुकावट न बने, इसका प्रयास सरकार द्वारा हमेशा किया जाएगा। इसी उद्देश्य के साथ टाटा मेमोरियल सेंटर के साथ एमओयू किया गया है जिससे कैंसर पीड़ितों को काफी मदद मिलेगी।कल ही मैंने रांची में मेडिको सिटी के रोड मैप हेतु बैठक की। मेडिको सिटी में स्वास्थ्य से जुड़ी चीजों को जोड़ने का हमारा संकल्प है। यहां कैंसर अस्पताल में वर्ल्ड क्लास मशीनें स्थापित की गयी हैं। अभी हाल के दिनों में रिम्स में भी कई वर्ल्ड क्लास मशीनों को लोगों की सुविधा के लिए लगाया गया जिससे आज उन्हें लाभ मिल रहा है। आज आप देखते होंगे रिम्स अथवा राज्य के अन्य अस्पताल में कई क्रिटिकल सर्जरी सम्भव हो पा रही है।स्वास्थ्य के क्षेत्र में और राज्य के समग्र विकास में टाटा समूह को जो मदद चाहिए होगी वह सरकार द्वारा दी जाएगी।



