गढ़वा में राजकीय श्री बंशीधर महोत्सव के शुभारंभ समारोह कार्यक्रम में सीएम ने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।आज उन्हें गढ़वा में कई आवेदन भी मिले हैं। उन्होंने कहा पहले काम बंद कमरे में होता था तो किसी को पता ही नहीं चलता था। नगर उंटारी, बंशीधर नगर की समस्या को लेकर जानबूझकर कुछ लोगों ने वर्षों से विवाद पैदा करने का काम किया है, लोगों को आपस में लड़ाने का काम किया गया है।आप आश्वस्त रहें, यहाँ के लोगों की भावनाओं के अनुरूप ही सरकारी आदेश को फिर से ठीक किया जाएगा।
सीएम ने कहा मुझे बताया गया है कि आज यहाँ बड़ी संख्या में गढ़वा जिले के जनप्रतिनिधि आये हैं। आज गढ़वा जिले के उपायुक्त महोदय ने मुझे एक किताब दी है जिसमें जिले में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी गयी है। यह लोगों के लिए काम करने वाली सरकार है। राज्य भर में प्रत्येक गाँव में आपकी सरकार ने लाखों लोगों को लोक-कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा है।आपकी सरकार ने ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्य के लाखों जरूरतमंद लोगों को सर्वजन पेन्शन योजना से जोड़ा है। लोगों की सामाजिक सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता रही है।झारखण्ड में पहली बार शिक्षा के जगत में ऐतिहासिक शुरुआत हुई। कल ही मुझे राज्य भर में 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। दुर्भाग्य है शिक्षा को लेकर इससे पहले कभी कोई सोच नहीं रही। मगर अभी बहुत कुछ करना बाकी है।झारखण्ड को सिर्फ खनिज संपदा के नाम से ही जाना जाता रहा है। मगर हमने राज्य में पर्यटन की असीम संभावनाओं को बढ़ाने का मजबूत प्रयास किया है, जो निरंतर जारी है।आने वाले दिनों में राजकीय श्री बंशीधर महोत्सव समेत ऐसे अन्य आयोजनों की भव्यता को और बढ़ाया जाएगा।झारखण्ड की मूल आत्मा गांव में बसती है। अगर गांव मजबूत होगा तभी राज्य मजबूत होगा। बहुत जल्द डेयरी के क्षेत्र में भी गढ़वा जिला को हम सौगात देने जा रहे हैं। सरकार आपको स्वरोजगार शुरू करने के लिए भी मदद दे रही है। आप आगे बढ़िए, सरकार आपके साथ है। आप सभी जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह है हमारे गांव-देहात के लोग सीधे-सरल होते हैं। इन्हें योजनाओं से जोड़ने में हमारा साथ दें।



