उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सिरसागंज के एक सरकारी विद्यालय किसरांव में मिड डे मील खाना और पानी का सेवन करने से 49 विद्यार्थी बीमार पड़ गए। प्रभावित बच्चों में 18 विद्यार्थियों की तबियत ज्यादा खराब होने के कारण उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज में भर्ती कर ड्रिप चढ़ाया गया है, इन बच्चों को लगातार उल्टी और लूज मोशन हो रही थी। जबकि शेष विद्यार्थियों को दवा देकर घर भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक मिड डे मील का खाना खाने के बाद प्रभावित बच्चों ने टंकी का पानी पीया तो उन्हें खांसी होने लगी थी। इसके बाद बच्चे लूज मोशन और उलटी की शिकायत करने लगे। डॉक्टरों ने बताया है की अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।



