9 दिसंबर को भोजपुरी अभिनेता और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने एक निजी चैनल पर जनसंख्या नियंत्रण बिल को लेकर अपना बयान दिया जिसमें उन्होंने पिछली सरकार को इस मामले पर सतर्कता नहीं बरतने पर अफसोस जताया साथ ही आज उनके चार बच्चे होने का श्रेय भी कांग्रेस को दे डाला। उन्होंने कहा कांग्रेस के समय में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर जागरूकता पैदा कर दी गई होती तो भाजपा सरकार को अभी जनसंख्या नियंत्रण बिल नहीं लाना पड़ता। रवि किशन जनसंख्या नियंत्रण को लेकर संसद में एक प्रस्ताव भी पेश करने वाले हैं। रवि किशन ने कहा कि देश में बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए अब पछतावा हो रहा है कि मेरे 4 बच्चे हैं। इसी के चलते रवि किशन ने बढ़ती जनसंख्या का सारा दोष कांग्रेस पर मढ़ दिया है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस जनसंख्या नियंत्रण बिल पहले ही ले आती तो आज वह 4 बच्चों के पिता नहीं होते। रवि किशन ने कहा देश में बढ़ती जनसंख्या की परेशानी को अच्छें से समझते हैं।



