बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अब सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. पटना में मुख्यमंत्री आवास पर रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की अहम बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुना जा सकता है. बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल होंगे.बिहार बीजेपी के अध्यक्ष डॉक्टर संजय जयसवाल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी देते हुए कहा, ”कल दोपहर 12:30 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में होगी, जिसमें पर्यवेक्षक के रुप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित रहेंगे. भाजपा बिहार प्रदेश के तरफ से उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत.”एनडीए की बैठक से पहले चारों घटक दल यानी जेडीयू, भाजपा, हम और वीआईपी के विधायक दलों की अपनी-अपनी बैठकें होंगी. इस बैठक में एनडीए के संभावित नेता के नाम पर चर्चा करेंगे साथ ही उनके नेतृत्व में सरकार गठन के लिए राज्यपाल को सौंपे जाने वाला पत्र तैयार करेंगे. संयुक्त बैठक के बाद चारों दलों द्वारा राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा जाएगा.इसके साथ ही एनडीए राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगा. वैधानिक प्रक्रिया के तहत राज्यपाल उसके बाद एनडीए के नेता को सरकार गठन का आमंत्रण देंगे. फिर उनकी इच्छा के मुताबिक तिथि और समय निर्धारित कर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा.
राजनीतिक हलके में ऐसी चर्चा है कि नीतीश कुमार का शपथ ग्रहण समारोह 16 नवंबर को आयोजित किया जा सकता है.



