सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद ड्रग्स मामले को लेकर बॉलीवुड की हो रही आलोचना और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को ‘गटर’ कहने पर भड़कीं राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने मंगलार को संसद में इशारों-इशारों में अभिनेता और सांसद रवि किशन और कंगना रनौत पर जमकर निशाना साधा। जया बच्चन के संसद में दिए गए बयान से शिवसेना खुश नजर आ रही है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र के संपादकीय में जया बच्चन की तारीफ की है और कहा है कि वह अपने बेबाकी और सच बोलने के लिए प्रसिद्ध हैं। जया बच्चन ने कहा था कि जिन लोगों ने सिनेमा जगत से नाम-पैसा सब कुछ कमाया। वे अब इस क्षेत्र को गटर की उपमा दे रहे हैं। मैं इससे सहमत नहीं हूं।बुधवार को शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में लिखा, ‘हिंदुस्थान (हिन्दुस्तान) का सिनेजगत पवित्र गंगा की तरह निर्मल है, ऐसा दावा कोई नहीं करेगा। मगर जैसा कि कुछ टीनपाट कलाकार दावा करते हैं कि सिनेजगत ‘गटर’ है, ऐसा भी नहीं कहा जा सकता। जया बच्चन ने संसद में इसी पीड़ा को व्यक्त किया है। ‘जिन लोगों ने सिनेमा जगत से नाम-पैसा सब कुछ कमाया। वे अब इस क्षेत्र को गटर की उपमा दे रहे हैं। मैं इससे सहमत नहीं हूं।’ जया बच्चन के ये विचार जितने महत्वपूर्ण हैं, उतने ही बेबाक भी हैं। ये लोग जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। ऐसे लोगों पर जया बच्चन ने हमला किया है। जया बच्चन सच बोलने और अपनी बेबाकी के लिए प्रसिद्ध हैं। सामना में आगे लिखा गया है, ‘जया बच्चन ने अपने राजनीतिक और सामाजिक विचारों को कभी छुपाकर नहीं रखा। महिलाओं पर अत्याचार के संदर्भ में उन्होंने संसद में बहुत भावुक होकर आवाज उठाई है। ऐसे वक्त जब सिनेजगत की बदनामी और धुलाई शुरू है, अक्सर तांडव करने वाले अच्छे-खासे पांडव भी जुबान बंद किए बैठे हुए हैं। मानो वे किसी अज्ञात आतंकवाद के साए में जी रहे हैं और कोई उन्हें उनके व्यवहार और बोलने के लिए पर्दे के पीछे से नियंत्रित कर रहा है। ऐसे में जया बच्चन की बिजली कड़कड़ाई है।’ranjana pandey



