रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में पैसों के विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की मौत हो गई है। आरोप है कि बुधवार की देर रात धुर्वा निवासी मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ लल्लू अपने साथियों के साथ विकास महतो को खोजते हुए घर पहुंचा था। घर का मुख्य गेट अंदर से बंद होने के कारण हमलावर अंदर नहीं घुस पाए और गुस्से में आकर उन्होंने बाहर से ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।इस गोलीबारी की चपेट में विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश आ गए। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।




