भोपाल:मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में आदिवासी समुदाय के 30 से अधिक बच्चों की मौत के मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीमारी, कुपोषण, साफ पानी की कमी और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के बीच बच्चों की जान जा रही है।राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार को दीये जलाने और उत्सव मनाने से फुर्सत मिल गई हो तो प्रदेश की जमीनी स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बीमारी से बचाव, पोषण, स्वच्छ पानी और स्वास्थ्य व्यवस्था की कमी बच्चों के लिए गंभीर संकट पैदा कर रही है। साथ ही उन्होंने मिलावटी दवाओं और अवैध शराब को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।राहुल गांधी ने कहा कि वह इंदौर जा रहे हैं और प्रदेश के छात्रों, युवाओं तथा आम लोगों से लगातार फीडबैक ले रहे हैं। उनके मुताबिक, सामने आ रही घटनाएं मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शासन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।उन्होंने छात्रों, बच्चों, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और महिलाओं की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और मध्य प्रदेश सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट और सबसे कुशासित सरकार बताया।




