रांची। झारखंड के सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता देवेंद्र नाथ महतो का सदर अस्पताल में दूसरे दिन भी इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। देवेंद्र नाथ महतो द्वारा एक्स पर साझा की गई जानकारी के अनुसार फिलहाल उन्हें हो रहा बुखार, उल्टी और लगातार दस्त की समस्या नियंत्रण में है। हालांकि, लिवर फंक्शन और पाचन तंत्र को अभी पर्याप्त सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है। चिकित्सकों ने शरीर के कमजोर पड़े अंगों को पर्याप्त आराम देने के साथ लगातार मेडिकल निगरानी में रखने की जरूरत बताई है। डॉक्टरों ने सख्त हिदायत दी है कि समय पर खान-पान, पर्याप्त आराम और नियमित उपचार में किसी तरह की लापरवाही न हो।
देवेंद्रनाथ महतो का कहना है कि लंबे समय तक संघर्ष, अनशन-धरना और झारखंड के 24 जिलों में भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर की गई यात्रा के दौरान लगातार खड़े रहने, समय पर भोजन नहीं मिलने और पर्याप्त आराम की कमी के कारण उनका शरीर काफी कमजोर हो गया।फिलहाल देवेंद्र नाथ महतो सदर अस्पताल की निगरानी में हैं और चिकित्सकीय उपचार जारी है। उनकी ओर से सभी साथियों, शुभचिंतकों और झारखंडवासियों से दुआ और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की गई है।उन्होंने ईश्वर की कृपा से जल्द स्वस्थ होकर फिर से लोगों के बीच लौटने की उम्मीद जताई है। उनके समर्थकों का कहना है कि लोगों का प्यार, विश्वास और आशीर्वाद ही इस मुश्किल समय में उनकी सबसे बड़ी ताकत है।


