रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने शुक्रवार को रांची स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर MMDR Amendment Bill-2026 और अयोध्या राम मंदिर के नाम पर चंदा अनियमितता के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि MMDR Amendment Bill-2026 के जरिए झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधन राज्य की अर्थव्यवस्था और यहां के लोगों के अधिकारों से जुड़े हैं और कांग्रेस इनके संरक्षण के लिए संघर्ष करती रहेगी।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि केंद्र की नीतियों से झारखंड के खनिज संसाधनों और स्थानीय हितों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर कांग्रेस गंभीर है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।वहीं, कांग्रेस नेताओं ने भगवान श्रीराम के मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इस मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए जांच की आवश्यकता बताई।प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और सांसद सुखदेव भगत ने दोनों मुद्दों को लेकर पार्टी के आगामी आंदोलन की घोषणा की। कांग्रेस के अनुसार, 27 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना, 7 सितंबर को रांची में धरना तथा 9 से 16 सितंबर तक प्रखंड स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों और कथित चंदा अनियमितताओं के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को सफल बनाने और बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।




