रांची। 09 एवं 10 अगस्त 2026 को मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची डीसी ने शनिवार को मोरहाबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री राकेश रंजन भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल, स्टॉल, प्रवेश एवं निकास द्वार, मंच क्षेत्र, दर्शक दीर्घा तथा आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया गया। डीसी ने अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉलों की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था की जांच और आपातकालीन निकास मार्गों को पूरी तरह साफ रखने पर विशेष जोर दिया।
एसएसपी श्री राकेश रंजन ने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए। यातायात पुलिस को महोत्सव के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और वैकल्पिक मार्गों का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
आदिवासी महोत्सव में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक नृत्य-संगीत, हस्तशिल्प एवं व्यंजनों का प्रदर्शन होगा। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी की है।




