रांची। झारखण्ड के पूर्व सीएम दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को रांची समाहरणालय के ब्लॉक-ए, प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या-108 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन तथा उपविकास आयुक्त संजय भगत ने स्वयं रक्तदान कर स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा।
कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों को गुलाब का फूल भेंट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा।
इस अवसर पर उपायुक्त, एसएसपी, सदर एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित अन्य अधिकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रक्तदान करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।




