सीएम सोरेन: गुरुजी क्रेडिट योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं तक पहुंचाएं

0
cm hemant soren

रांची: मुख्यमंत्री ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को आधुनिक और वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (GSCC) योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवा झारखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और मार्केट-ओरिएंटेड शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि वे भविष्य के रोजगार और अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से झारखंड स्टेट यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन (JSSUC) से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में रिक्त पदों पर समयबद्ध नियुक्तियां की जाएं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिले।इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने राज्य के महाविद्यालयों को उनकी रैंकिंग के आधार पर श्रेणीबद्ध करने तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि इससे संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को अधिक सशक्त, आधुनिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से सभी योजनाओं और निर्देशों के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here