बोकारो: तेलमुंगा गांव के बुजुर्ग लोबिन हेंब्रम और उनके दिव्यांग पुत्र कालिदास हेंब्रम की पेंशन नहीं मिलने का मामला जब एक्स पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के सामने आया तो सीएम सोरेन ने बिना किसी देरी के बोकारो डीसी को निर्देश जारी कर दिया।शिकायत में बताया गया था कि कई बार आवेदन देने के बावजूद लोबिन हेंब्रम और उनकी पत्नी सुकुरमनी हेंब्रम को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है।मामले पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बोकारो उपायुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बोकारो जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। उपायुक्त की ओर से जानकारी दी गई कि कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने बुधवार को स्वयं तेलमुंगा गांव पहुंचकर लोबिन हेंब्रम एवं उनके दिव्यांग पुत्र कालिदास हेंब्रम की स्थिति का जायजा लिया।प्रशासन ने बताया कि दोनों की पेंशन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। इसके अलावा दिव्यांग कालिदास हेंब्रम को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।




