Hazaribagh: हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र अंतर्गत झुरझुरी जीटी रोड स्थित सलैया वन सीमा के जंगल से मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने वन क्षेत्र में बने एक ट्रेंच (गड्ढे) में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरकट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि साक्ष्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। साथ ही, घटना कुछ दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। मृतका की पहचान के प्रयास जारी हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।




