बोकारो: जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत धेन्धे गांव में मंगलवार को एक नाबालिग लड़की के हाई-वोल्टेज ड्रामे ने इलाके में सनसनी फैला दी। 17 वर्षीय लड़की अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर सुबह करीब 10 बजे लगभग 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ी लड़की लगातार अपने प्रेमी को जेल से रिहा करने की मांग कर रही थी। उसका कहना था कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है और उसकी रिहाई नहीं हुई तो कूद जाएगी।जानकारी के मुताबिक, लड़की का 22 वर्षीय प्रेमी रांची का निवासी है और वर्तमान में अपहरण के एक मामले में तेनूघाट जेल में बंद है। कुछ दिन पहले लड़की की मां ने युवक के खिलाफ बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे तक समझाने-बुझाने और बचाव अभियान चलाने के बाद दोपहर लगभग 3 बजे लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।




