मधुपुर (देवघर): मधुपुर के लालगढ़ काली मंदिर के समीप राहुल भंडारी नामक युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए अचानक एक गाय से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।संयोगवश उसी मार्ग से झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी गुजर रहे थे। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवक को देखते ही उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने स्वयं युवक को संभाला, प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और तत्काल बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों के पास भेजने की व्यवस्था की। समय पर मिली मदद के कारण राहुल भंडारी की जान बच गई।
इस दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा, “जीवन बहुत अनमोल है। मैं सभी युवाओं से अपील करता हूं कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और हेलमेट अवश्य पहनें। दुर्घटना किसी के साथ भी हो सकती है, लेकिन सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। ऊपरवाला किसी न किसी रूप में आपकी रक्षा के लिए किसी को भेज देता है, लेकिन माता-पिता की दुआ हमेशा आपके साथ रहती है।”घटना के बाद आसपास के लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।




