रांचीः झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान झारखंड समेत पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।11 जून को रांची समेत कई जिलों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा। धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है। इन इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।12 जून को मौसम की गतिविधियां और व्यापक होने की संभावना है। दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।13 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ में तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। वहीं दुमका, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धनबाद में सर्वाधिक 40.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।




