Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा को षड्यंत्रकारी और बहरूपिया पार्टी बताते हुए आरोप लगाया है कि सोमवार को वे बंगाल के झारग्राम में न जा पाए इसके लिए उनके साथ फिर असम का वाक्या दोहराया गया.आज ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने भी आरोप लगाते हुए पीएम मोदी को आदिवासी विरोधी बताया है,टीएमसी का कहना है कि पीएम मोदी ने झारखण्ड सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी को अपमानित कर दिया है. क्योंकि उनका कार्यक्रम होने के बावजूद घंटो इंतजार के बाद उन्हें रांची लौट जाना पड़ा.
सोमवार को सीएम हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा, ”आज बंगाल के झारग्राम में मैं नहीं जा पाऊं उसके लिए मेरे साथ फिर असम का वाक्या दोहराया गया, मुझे यहां भी सभा करने की अनुमति नहीं दी गई।लेकिन इसके बावजूद मुझे बांकुरा जिले के दो विधानसभा में जाकर लोगों से मिलने का अवसर मिला।भाजपा जैसी षड्यंत्रकारी और बहरूपिया पार्टी को बंगाल की जनता अच्छे से जानती है। यह पार्टी महिला सम्मान की बात करती है मगर महिलाओं और बहु-बेटियों का अत्याचार करने वाले लोग भी इसी पार्टी में होते हैं।आगामी चुनाव में बंगाल की जनता फिर आदरणीय ममता दीदी के नेतृत्व और तृणमूल कांग्रेस पर अपना विश्वास दिखाकर अपना अपार स्नेह और आशीर्वाद देने का काम करेगी।”




