रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे।इरफान अंसारी ने कहा कि आज के समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में साइकिल एक बेहतर और सस्ता विकल्प भी हो सकता है।सदन में बुधवार को स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री इरफ़ान अंसारी ने कहा पिछले 25 वर्षों में केवल 9 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब एक साल के भीतर 8 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की योजना है।पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में शिलान्यास होगा, जबकि दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज और सरायकेला में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि रांची के ब्राम्बे में मेडिकल यूनिवर्सिटी और इटकी में राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स)-2 बनाने की योजना है, जिसे एशिया के बड़े अस्पतालों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में 1400 और बाद में 2600 बेड की व्यवस्था होगी।उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 3871 करोड़ रुपये की लागत से मेडिको सिटी भी बनाई जाएगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।सरकार का लक्ष्य 2029 तक झारखंड को थैलेसीमिया मुक्त बनाना है। इसके लिए कई अस्पतालों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट, सभी मेडिकल कॉलेजों में PET स्कैन मशीन और जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज, धनबाद व रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब शुरू करने की योजना है।राज्य में 237 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदी जाएंगी, जिनका कॉल सेंटर दुमका और जामताड़ा में बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में 7500 एएनएम और जीएनएम की बहाली भी जल्द होगी।




