राँची। महाशिवरात्रि के पावन अवसर को लेकर राजधानी राँची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वरीय पुलिस अधीक्षक राँची के साथ पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण एवं यातायात ने आज पहाड़ी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।अधिकारियों ने मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा शिव बारात और जुलूस के निर्धारित रूट का जायजा लिया। भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी में तैनात पुलिस बलों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे लगातार निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें।
मौके पर पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली, डीएसपी ट्रैफिक, सुखदेव नगर थाना प्रभारी, ट्रैफिक गोंदा थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है तथा प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।



