पटना: चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार (12 फरवरी) की सुबह एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। विवेकानंद कॉलोनी मोड़ के पास करीब 10:30 बजे 70 वर्षीय मोहम्मद रईस की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना बंगाली टोला मोड़ के समीप हुई बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने चापड़ से बुजुर्ग की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किया। वार इतना गहरा था कि गर्दन का पिछला हिस्सा बुरी तरह कट गया। मौके पर ही अत्यधिक खून बहने से मोहम्मद रईस ने दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतक की बेटी शबनम खातून ने फुफेरे भाई मोहम्मद अयाज पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिता के घर से निकलने के कुछ देर बाद अयाज भी पीछे-पीछे गया था। उसने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद को इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।




