मंगलुरु (कर्नाटक) में झारखंड का एक प्रवासी मजदूर दिलजान अंसारी बांग्लादेशी होने के शक में पीट-पीट कर गंभीर घायल कर दिया। आरोप है कि चार लोगों ने उसे अपनी नागरिकता साबित करने को कहा और जब वह बार-बार अपने झारखंड (भारत) से होने की बात कहता रहा, तब भीड़ ने उस पर हमला किया।यह घटना रविवार को शहर के बाहरी इलाके कुलूर में हुई।पुलिस के अनुसार, पीड़ित पिछले 10-15 सालों से मंगलुरु में प्रवासी मज़दूर के तौर पर काम कर रहा था, और हर साल काम के लिए चार से छह महीने शहर में रहता था।आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित को रोका, उसकी नागरिकता के बारे में पूछा और पहचान पत्र दिखाने की मांग की। पीड़ित के बार-बार यह कहने के बावजूद कि वह भारतीय नागरिक है, आरोपियों ने कथित तौर पर उसे परेशान करना जारी रखा और आपत्तिजनक बातें कहीं।जब पीड़ित ने और बात मानने से इनकार कर दिया, तो कथित तौर पर उस पर उसके ही औजारों से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और बहुत ज़्यादा खून बहने लगा। पुलिस ने बताया कि एक स्थानीय महिला ने बीच-बचाव किया और उसे बचाने में मदद की।




