HOCKEY INDIA LEAGUE का आयोजन 28 दिसंबर से 16 जनवरी तक मोहराबादी स्टेडियम में, DC ने किया निरीक्षण

0
Ranchi Dc

रांची: HOCKEY INDIA LEAGUE, 2025–26 का आयोजन दिनांक 28 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक रांची के मोरहाबादी स्थित मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर शुक्रवार देर शाम डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने स्टेडियम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोलानाथ सिंह, निदेशक, हॉकी इंडिया श्री बी.एन.भूषण, सीईओ, हॉकी झारखंड श्री रजनीश कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ आयोजन से संबंधित तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। स्टेडियम की मौजूदा व्यवस्थाओं, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, मीडिया व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात तथा लॉजिस्टिक प्रबंधन की समीक्षा की।

HOCKEY INDIA LEAGUE का आयोजन रांची एवं झारखंड के लिए गौरव का विषय है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने हेतु निम्न निर्देश दिए गए :-

  • स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था।
  • प्रतियोगिता अवधि के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान, पार्किंग स्थलों का निर्धारण एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था।
  • खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं अतिथियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन एवं मेडिकल सुविधा की समुचित व्यवस्था।
  • दर्शकों के लिए बैठने, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता।
  • मीडिया प्रतिनिधियों के लिए मीडिया सेंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं सुचारु प्रवेश व्यवस्था।
  • स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश।
  • किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, रांची श्री उत्कर्ष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज सहित हॉकी इंडिया के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने एवं नियमित समीक्षा करने का निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन रांची, HOCKEY INDIA LEAGUE 2025–26 के सफल आयोजन हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here