बुधवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर के मैग्नेटो मॉल में लकड़ी की छड़ियों से लैस एक भीड़ घुस गई और क्रिसमस के लिए लगाए गए डेकोरेशन और इंस्टॉलेशन में तोड़फोड़ की। यह घटना उस दिन हुई जब कथित अवैध धर्मांतरण के विरोध में ‘छत्तीसगढ़ बंद’ का आह्वान किया गया था। मॉल के एक कर्मचारी ने बताया “लगभग 80-90 लोग अंदर घुस आए… हम विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रहे थे। पिछले 16 सालों से, जब से हमने यहां काम शुरू किया है, हमने हमेशा बंद का समर्थन किया है। लेकिन मैंने ऐसा बर्ताव पहले कभी नहीं देखा। भीड़ ने हमें धमकी दी… हम पर चिल्लाए। उन्होंने हिंसा की।”एक और कर्मचारी ने कहा, “कुछ औरतें रो रही थीं… वे (भीड़) उन सभी पर हमला कर रहे थे जो उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे थे। वे बार-बार कह रहे थे कि हम सांता को नहीं देखना चाहते। जो लोग फिल्में देखने आए थे, वे डर गए।”
क्यों बुलाया गया था बंद
‘छत्तीसगढ़ बंद’ का आह्वान ‘सर्व हिंदू समाज’ ने किया था. यह बंद बस्तर क्षेत्र के कांकेर जिले में एक व्यक्ति के दफन को लेकर दो समुदायों के बीच हाल ही में हुई झड़प की वजह से किया गया था. बंद के दौरान प्रदेश में कुछ जगहों पर हिंसा भी देखने को मिली. शहरी क्षेत्रों में जहां बंद का ज्यादा असर देखने को मिला, वहीं ग्रामीण इलाकों में यह असर कम था.कांकेर जिले के आमाबेड़ा इलाके के बड़े तेवड़ा गांव में शव दफनाने को लेकर आदिवासी और धर्मांतरित समुदाय के बीच हिं*सक झड़प हो गई। इसके बाद से हिंदू समाज में काफी आक्रोश है। इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने 24 दिसंबर को प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद का ऐलान किया.




