रांची : झारखंड के किसानों के लिए आज का दिन खास है. दो साल के अंतराल के बाद राज्य में मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना की शुरुआत कर दी गई है.रांची में कृषि मंत्री ने ट्रैक्टर का वितरण किया. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा राज्य के किसानों को सबल बनाने और किसानों को मजदूर के बजाय व्यापारी बनाने की दिशा में ये योजना ” मिल का पत्थर साबित ” होगा.रांची के खेल गांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में 4 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किसानों के बीच किया गया. इसमें बड़ा ट्रैक्टर , मिनी ट्रैक्टर , सोलर पंप सेट , नॉर्मल पंप सेट का लाभ किसानों को दिया गया. लाभ पाने वालों की भीड़ में महिला समूह की उपस्थिति बेहतर संकेत है.अब राज्य की महिलाएं भी ट्रैक्टर का प्रशिक्षण लेकर लाभुक की सूची में अपना नाम दर्ज करा रहीं है. इस योजना का लाभ योग्य लाभुक अपने एस्क्रो अकाउंट में अंशदान का भुगतान कर आसानी से ले सकते है.किसानों को बिचौलिया से सावधान रहने की जरूरत है. योजना दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार के फोन कॉल के झांसे में नहीं आना है . किसी भी व्यक्ति को उसके कहे गए नंबर पर ऑन लाइन भुगतान नहीं करना है . इस बात को गांव घर के लोगों को बताने की जरूरत है . ताकि राज्य का एक भी व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार ना हो . विभाग ने किसान समृद्धि योजना के तहत सोलर पंप सेट योजना की शुरुआत की है . अब तक 21 सौ किसानों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है जबकि 8 हजार किसानों को इस योजना से आच्छादित करना है . ये योजना किसानों के खेत पटवन में वरदान साबित हो रही है.




