सिक्किम में हुए विनाशकारी भूस्खलन के बाद भारतीय सेना खतरनाक इलाकों में लगातार खोज और बचाव अभियान चला रही है। लाचेन गांव में सेना के जवान पैदल पहुंचे। यहां विदेशी नागरिकों सहित 113 फंसे हुए पर्यटक हैं।2 अमेरिकी नागरिक समेत 33 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।छह लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है।सिक्किम में सबसे अधिक प्रभावित मंगन जिले में बचाव कार्य खराब मौसम के कारण बाधित हो गया है। जिला कलेक्टर ने बताया कि दो हेलीकॉप्टरों को स्टैंडबाय मोड में रखा गया है ताकि लाचेन में फंसे 110 से अधिक पर्यटकों को हवाई मार्ग से निकाला जा सके। NDRF के DIG मोहसेन शाहिदी ने कई पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति पर बताया, “पिछले 3-4 दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों, सिक्किम में जो मूसलाधार बारिश हुई है, उसकी वजह से यह स्थिति बनी है। कई जगहों पर भूस्खलन हुए हैं। बाढ़ की स्थिति भी बनी हुई है… हमारी NDRF की 23 टीमें सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में तैनात की गई हैं… लाचेन-लाचुंग में जो पर्यटक फंसे हुए थे उन्हें भी निकालने की कार्रवाई चल रही है। भूस्खलन के कारण कई सड़कें भी बाधित हैं…”




