जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी एवं शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन द्वारा संविदा पर नियुक्त 187 स्वास्थ्यकर्मियों को जिला स्तरीय समारोह में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम में विधायक बहरागोड़ा, विधायक जुगसलाई, जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत अन्य शामिल हुए।इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री द्वारा जिला के तीन स्वास्थ्य केन्द्रों में लेबर रूम एवं कोल्ड चेन का उद्घाटन तथा पूरे राज्य में हाट-बाजार स्वास्थ्य शिविर अभियान का शुभारंभ किया गया।मंत्री इरफ़ान अंसारी ने कहा ”आज आप सभी के जीवन की यह नई शुरुआत हुई है। मुझे विश्वास है अपनी इस नई पारी में आप सब तन्मयता से अपने क्षेत्र और राज्यवासियों की सेवा करने का काम करेंगी। सभी ANM बहनों तथा उनके परिजनों को इस शुभ अवसर पर बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।हम आशा करते है कि आप सभी एएनएम बहनें पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों और कर्तव्यों का पालन कर जिले व राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में सहयोग करेंगी। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत चलने वाले कार्यक्रमों को सुचारू रूप से चलाने और जमशेदपुर तथा दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका साबित हो ऐसी कामना है।माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व और आदरणीय राहुल गांधी जी के मार्गदर्शन में हमारा स्वास्थ्य विभाग निरंतर सकारात्मक बदलाव के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरूस्त करते हुए व्यापक बदलाव के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में इसका स्पष्ट परिणाम भी आप सबके सामने होगा। झारखंड वासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार और विभाग का प्रमुख उद्देश्य है।”




