रांची: कांके से पंडरा तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.इसमें 9.758 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।इसको लेकर रांची जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है.जारी आदेश में कहा गया है कि भूमि योजना का निरीक्षण जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा किसी भी दिन किया जा सकता है.अधिग्रहीत की जाने वाली भूमि को न तो बेचा जाएगा और न ही खरीदा जाएगा।यदि किसी व्यक्ति को इस संबंध में आपत्ति है तो अधिसूचना प्रकाशन की तिथि से 60 दिनों के भीतर वह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के कार्यालय में आपत्ति दर्ज करा सकता है.रांची जिला भू-अर्जन शाखा ने भूमि अधिग्रहण को लेकर 28 जुलाई से 2 अगस्त तक तीन अंचलों (हेहल, रातू और कांके) में जनसुनवाई का आयोजन किया था.28 जुलाई को हेहल अंचल के पंडरा और मिसिरगोंदा, एक अगस्त को रातू अंचल के चटकपुर और नवासोसो, दो अगस्त को कांके अंचल के चंदवे, कोंगे और जयपुर के किसानों के लिए जनसुनवाई का आयोजन किया गया.जमीन मालिकों को आवश्यक कागजात के साथ उपस्थित होने को कहा गया.करीब 253 करोड़ की लागत से पंडरा से कांके रोड को जोड़ने के लिए फोर लेन सड़क बनेगी.इस सड़क के बनने से रातू रोड के निवासियों को पंडरा, चटकपुर, नवासोसो होते हुए कांके रोड जाना आसान हो जायेगा.सड़क बनने के बाद लोगों को पिस्का मोड़-रातू रोड होते हुए कांके रोड जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.



