रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता अर्जुन मुंडा की माताजी श्रीमती सायरा मुंडा का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।, सोमवार दोपहर 1 बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई और भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा की माताजी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।सीएम हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई आदरणीय अर्जुन मुंडा जी की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में अर्जुन मुंडा जी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इससे पहले अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी मां के निधन की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।”



