रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार झारखंड सहित पूरे देश के छात्रों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं के ठोस एवं व्यावहारिक समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार छात्रों के सुझावों के आधार पर शिक्षा और युवा हितों से जुड़े मुद्दों पर समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुधार और सकारात्मक बदलाव करेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची में रहने वाले युवाओं के साथ-साथ राज्य के सभी जिलों के छात्र-छात्राओं की राय भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से सरकार राज्य के प्रत्येक जिले के विद्यार्थियों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त करेगी, ताकि तैयार किए जाने वाले समाधान व्यापक, समावेशी और सभी क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप हों।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार जल्द ही झारखंड और देशभर के छात्रों, शिक्षाविदों तथा नीति-निर्माताओं से सुझाव एकत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। इन सुझावों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था, छात्र कल्याण और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक सुधारों की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के हित में व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान लागू करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी हितधारकों की भागीदारी से शिक्षा और युवा विकास के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित किए जा सकेंगे।




