मुंबई:महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को पेपर लीक के पुख्ता सबूत मिलने के बाद स्थगित (postpone) कर दिया गया है।भिवंडी पुलिस के DCP पवन बंसोड़ को परीक्षा से पहले पेपर बेचने की साजिश की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद कोनगांव पुलिस ने एक होटल और सहारा एयरपोर्ट इलाके में जाल बिछाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।पकड़े गए आरोपियों के पास से प्रश्नपत्रों के 4 सेट मिले। पुलिस ने तुरंत परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाकर जांच कराई, जिसमें जब्त सामग्री का मूल परीक्षा के प्रश्नों से हूबहू मिलान (exact match) पाया गया।पुलिस के अनुसार, इस लीक के पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह है। पकड़े गए आरोपी बिहार और हरियाणा के रहने वाले हैं और वे इस पेपर को 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की फिराक में थे।28 जून 2026 को होने वाली इस परीक्षा में राज्यभर के 1,028 केंद्रों पर 4.28 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल होने वाले थे।महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने साफ किया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित होने पर उम्मीदवारों से कोई भी नया पंजीकरण शुल्क (registration fee) नहीं लिया जाएगा और न ही दोबारा फॉर्म भरना होगा।




