लातेहार, झारखंड। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चंदवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अखाड़ा समितियों, मुहर्रम कमेटियों तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांति के साथ मुहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
इस अवसर पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में चंदवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी समुदायों के सदस्यों के साथ अखाड़ा समिति एवं अन्य समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।उन्होंने बताया कि बैठक में सभी लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने पर सहमति जताई और प्रशासन को अपेक्षित सहयोग देने का आश्वासन दिया। एसडीपीओ ने कहा कि जुलूस एवं अखाड़ों के दौरान डीजे के उपयोग पर रोक रहेगी। साथ ही तेज आवाज में संगीत बजाने और अश्लील गीतों के प्रसारण से भी परहेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय तरीके से संपन्न होगा।




