रांची: झारखंड में कमजोर मॉनसून के बीच अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है. इसके कारण सावन माह में बारिश के बीच उमस भरी गर्मी जारी है. राज्य के कई हिस्सों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 24 जुलाई तक रांची, जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह, गढ़वा, रामगढ़ और गोड्डा जिले में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है. लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास होगा.वहीं राज्य के दक्षिणी इलाके पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में बुधवार से शुक्रवार तक गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक 18 जुलाई तक राज्य में सामान्य बारिश 371.2 मिमी के मुकाबले 212.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी है.43 तक कम बारिश हुई है.मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि राज्य में मानसून फिर चरम पर होगा. जुलाई माह खत्म होते ही पूरे प्रदेश में बारिश होगी.सामान्य वर्षा में बढ़ोतरी दर्ज की जायेगी. पिछले 24 घंटों में राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. हालांकि, मॉनसून की सक्रियता कमजोर रही.सबसे अधिक बारिश करमाटांड़ (जामताड़ा) में 23.4 मिमी रिकार्ड की गयी.सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया.



