रांची : झारखंड राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी और आयोग की सदस्य शबनम परवीन ने यहां राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की. इस दौरान हिमांशु शेखर चौधरी ने राज्य खाद्य आयोग द्वारा प्रकाशित एवं झारखंड विधानसभा को समर्पित वर्ष 2020-2022 का वार्षिक प्रतिवेदन राज्यपाल को सौंपा. उन्होंने राज्यपाल को आयोग द्वारा किए जा रहे कार्यों, उसकी संरचना और कार्यबल से संबंधित रिपोर्ट भी सौंपी। राज्यपाल ने आयोग द्वारा नौ जिलों (पलामू, धनबाद, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, जामताड़ा, दुमका एवं गोड्डा) में अब तक कराये जा रहे मुखिया संवाद, सुनवाई, जन सुनवाई एवं स्थल निरीक्षण कार्यों की सराहना की. उन्होंने स्वयं आयोग द्वारा प्रारंभ मुखिया संवाद कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। राज्यपाल ने अपने प्रधान सचिव नितिन मदन कुलकर्णी को आयोग से परामर्श कर साहेबगंज जिले के बोरियो प्रखंड में जून माह में कार्यक्रम तय करने के निर्देश दिये. राज्यपाल ने आयोग द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 0-9142622194 में शिकायत दर्ज करने और आयोग की वेबसाइट https://jharkhandsfc.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायतें प्राप्त करने, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई करने और टीवी समाचार चैनलों और समाचार पत्रों के माध्यम से एनएफएसए का प्रचार करने की पहल की। अपर समाहर्ता-सह-जिला शिकायत निवारण अधिकारी (डीजीआरओ) को सम्मानित करने की पहल और लाभार्थियों की शिकायतों के प्रसार और त्वरित निष्पादन की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले जिलों के प्रमुखों को सम्मानित करने के प्रस्ताव की सराहना की।



