मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर एक नाबालिग छात्रा द्वारा रेप का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज करा कर पुलिस को बताया है कि प्रधानाचार्य द्वारा 23 नवंबर को वृंदावन के भ्रमण पर स्कूल के नौ विद्यार्थियों को ले जाया गया। विद्यार्थियों के लिए एक होटल में 2 कमरे बुक किए गए। एक कमरे में आठ विद्यार्थियों को ठहरने को कहा गया, जबकि दूसरे कमरे में 11वीं की 17 वर्षीय पीड़िता के साथ प्रधानाचार्य ठहरा था। दर्ज शिकायत के मुताबिक कमरे में छात्रा को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया है। शनिवार को प्रधानाचार्य के विरद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फरार प्रधानाचार्य को पकड़ने के लिए पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।



