धनबाद: धनबाद के वासेपुर का रहने वाला प्रिंस खान पाकिस्तान पहुंच गया है, जहां से वह अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा है।आरोप है कि सत्ता के करीब बैठे लोगों ने एक नया दाऊद इब्राहिम तैयार कर दिया है, जो पाकिस्तान की आईएसआई के लिए काम कर रहा है। अब मिडिया में चर्चा है कि धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो के साथ प्रिंस खान के घनिष्ठ संबंध हैं.अपने खिलाफ चल रही ख़बरों पर अब धुल्लू महतो ने चुप्पी तोड़ दी है और उनके खिलाफ पत्रकारिता करने वालों को केस करने की चेतावनी दे दी है.भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने एक्स पर लिखा, मेरे संबंध में कुछ तथाकथित माफिया के संरक्षण प्राप्त न्यूज पोर्टलों द्वारा निराधार एवं भ्रामक अफवाहें फैलाने का कार्य किया जा रहा है। यह कृत्य न केवल मेरी व्यक्तिगत एवं सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि पत्रकारिता की मर्यादाओं का भी स्पष्ट उल्लंघन है।अतः संबंधित न्यूज पोर्टलों को सूचित किया जाता है कि वे अपने द्वारा प्रकाशित/प्रसारित तथ्यों के समर्थन में ठोस एवं प्रमाणित साक्ष्य प्रस्तुत करें। अन्यथा, मैं बाध्य होकर उन सभी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा।मैं सत्य और न्याय के पक्ष में खड़ा हूँ तथा किसी भी प्रकार की असत्य एवं दुर्भावनापूर्ण खबरों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




