जामताड़ा: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के गृह जिला जामताड़ा के सदर अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके शिशु की मौत हो गई। भाजपा ने इसके लिए मंत्री को जिम्मेदार ठहराया है.भाजपा का कहना है कि बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण समय पर एम्बुलेंस न मिलने और अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा घंटों इलाज न किए जाने की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
इधर मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर पलटवार कर दिया है. मंत्री ने कहा है कि आज सरेआम भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सदर अस्पताल में सरकारी कार्य में बाधा डाली, डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों के साथ हाथापाई व दुर्व्यवहार किया तथा अस्पताल में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। इस कारण डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अपनी सुरक्षा के लिए मरीजों को छोड़कर बाहर निकलने को मजबूर हो गए। मरीज तड़पते रहे, डॉक्टर-डॉक्टर पुकारते रहे, लेकिन भाजपा के कारण उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाया। अस्पताल की व्यवस्था को पूरी तरह बिगाड़ने का काम किया गया, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह भाजपा निकम्मी पार्टी बनकर रह गई है। मरीजों की जान जाने में भाजपा का हाथ है।
मंत्री ने जामताड़ा उपायुक्त को अविलंब कार्रवाई का निर्देश दिया है. मंत्री ने एक्स पर लिखा है कि,”मैं जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देता हूँ कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। आज ही भाजपा के नेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करें और उन्हें गिरफ्तार करें। यदि प्रशासन अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रहता है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।”




