Ranchi : भाजपा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का कहना है कि पुलिस की शह और राजनीतिक संरक्षण के कारण प्रिंस खान का फर्जी पासपोर्ट बना और वह दुबई भागने में कामयाब हुआ.मरांडी ने मामले में वायरल ऑडियो के माध्यम से देश भर में चर्चित होने वाले पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता की संपत्ति तथा प्रिंस खान को विदेश भगाने में उनकी संभावित भूमिका की जांच की भी केंद्रीय गृह मंत्रालय से मांग की है.मरांडी ने एक्स पर कहा कि इन दिनों ‘धुरंधर’ फिल्म के जरिए विदेश में बैठकर भारत में आतंक फैलाने वाले नेटवर्क, उनकी फंडिंग और राजनीतिक संरक्षण देने वाले लोगों के गठजोड़ जैसे मुद्दे चर्चा में हैं। पिछले कुछ सालों से झारखंड में भी ऐसी ही साजिश चल रही है।
मरांडी ने कहा, झारखंड में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का आतंक सर चढ़ कर बोल रहा है। पुलिस की शह और राजनीतिक संरक्षण के कारण प्रिंस खान का फर्जी पासपोर्ट बना और वह दुबई भागने में कामयाब हुआ। प्रिंस खान झारखंड में पंजाब के रास्ते मेड इन पाकिस्तान हथियार और ड्रग्स की सप्लाई करने का रैकेट भी संचालित करता है। पिछले दिनों रांची में प्रिंस खान के गुर्गों ने एक रेस्टोरेंट कर्मी की हत्या की थी, जिसकी जांच आगे बढ़ने पर प्रिंस खान के करीबियों में राणा राहुल सिंह का नाम सामने आया है।
मरांडी ने आगे लिखा, अब जानकारी मिल रही है कि राणा राहुल सिंह को रांची पुलिस ने बॉडीगार्ड दिया था और उसे यह सुरक्षा उपलब्ध कराने में किसी हाईप्रोफाइल व्यक्ति के पैरवी की खबर भी आज अखबारों में छपी है। इसी बीच राणा राहुल सिंह की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह मुख्य सचिव अविनाश कुमार के साथ दिख रहे हैं।यद्यपि किसी के साथ तस्वीर में होना सीधे तौर पर किसी संरक्षण या संबंध का पुख्ता प्रमाण नहीं है, लेकिन इसके जरिए कहीं ना कहीं ऐसे लोगों का एक नेटवर्क तो बनता हुआ दिखाई देता है। यह एक बेहद गंभीर विषय है और मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी को इस पूरे मामले और नेटवर्क की गहन जांच करानी चाहिए।
मरांडी ने लिखा, केंद्रीय गृह मंत्रालय @HMOIndia से भी आग्रह है कि इस मामले में वायरल ऑडियो के माध्यम से देश भर में चर्चित होने वाले पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता की संपत्ति तथा प्रिंस खान को विदेश भगाने में उनकी संभावित भूमिका की जांच करायी जाए। इसके साथ ही मुख्य सचिव जैसे अधिकारी के साथ मंच पर उसके तस्वीर की सत्यता एवं उस के लिंक की जांच कराने का भी आग्रह है।




