गोड्डा। सेरेब्रल पाल्सी जैसी गंभीर शारीरिक चुनौती के बावजूद गोड्डा के छात्र मो. फैजान उल्लाह अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर JAC दसवीं बोर्ड परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड के पहले दिव्यांग स्टेट टॉपर बन गए।फैजान की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज उनसे मिलकर गर्व और प्रेरणा का अनुभव हुआ।। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि सफलता परिस्थितियों से नहीं, बल्कि व्यक्ति के हौसले, आत्मविश्वास और मेहनत से तय होती है।मंत्री ने फैजान को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएंगे और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।




