हजारीबाग/धनबाद: बंशी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर लौट रही हजारीबाग पुलिस की टीम धनबाद के बरवाअड्डा (मैथन क्षेत्र के पास) में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें चलकुशा थाना के आरक्षी राम लखन यादव की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) की अहले सुबह करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच जीटी रोड (GT Road) पर जोड़ापीपल के पास हुई। बताया जा रहा है कि टीम एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद वापस हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई।
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान आरक्षी राम लखन यादव का निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है।सांसद ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल चालक और अन्य पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।




