रांची और धनबाद की तर्ज पर हजारीबाग में भी 22 जून को महावीर स्थान स्थित श्री ज्वेलर्स में मोटरसाइकिल पर सवार 2 नकाबपोश अपराधियों ने 7 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इस फायरिंग की जिम्मेदारी उत्तम यादव नामक युवक ने सोशल मीडिया पर ली थी। अब मामले में ‘साइको टाइगर’ के नाम से कुख्यात शक्ति गिरी समेत उत्तम यादव गिरोह के 9 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने सभी अभियुक्तों को हजारीबाग समाहरणालय से लेकर जिला परिषद चौक तक परेड कराते हुए जनता के सामने प्रस्तुत किया।गिरफ्तार अपराधी चतरा, हजारीबाग और रांची के रहने वाले हैं। बता दें कि फायरिंग के बाद अपराधियों के दहशत के चलते सर्राफा व्यापारियों ने दो दिनों तक दुकानें बंद रखीं और कैंडल मार्च निकालकर सुरक्षा की मांग की थी। इसी बीच व्यापारियों से अज्ञात मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल और रंगदारी की मांग भी होने लगी थी। अब अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद हजारीबाग पुलिस की सराहना हो रही है.




