CM हेमंत सोरेन ने तमिलनाडु CM के नेतृत्व में हुए अखिल भारतीय सामाजिक न्याय महासंघ के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को किया संबोधित,राजनीति के कई दिग्गजों की रही उपस्थिति

0

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सामाजिक न्याय महासंघ के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के 75 साल बाद भी हम सामाजिक न्याय को लेकर चिंतित हैं। जब देश को अमृतकाल और विश्व गुरु की संज्ञा दी जा रही है उस स्थिति में हमलोग सामाजिक न्याय मांग रहे हैं। केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश का लोकतांत्रिक ढांचा ध्वस्त हो रहा है वहीं आज एसटी, एससी, माइनॉरिटी, ओबीसी एवं महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सीएम ने कहा आज मुझे राजस्थान सीएम अशोक गहलोत जी, तेजश्वी यादव जी और अन्य दिग्गजों की उपस्थिति में अखिल भारतीय सामाजिक न्याय महासंघ के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करने का अवसर मिला। मैं सामाजिक न्याय पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन को एक साथ लाने में तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन जी की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करता हूं। एक समावेशी समाज केवल मजबूत सामाजिक न्याय ढांचे के माध्यम से ही संभव है और हम सभी को इसे प्राप्त करने की दिशा में काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक ताकतों का दुरुपयोग हो रहा है।पहले भी शिबू सोरेन, लालू प्रसाद, मुलायम सिंह यादव आदि ने लोकतांत्रिक मोर्चा बनाकर सामाजिक न्याय की मुहिम छेड़ी थी। उन्होंनेे कहा कि इस कॉन्फ्रेंस में आये सुझाव के साथ वह खड़े रहेंगे।बता दें कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में यह सम्मेलन हुआ। इसमें राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, भाकपा के महासचिव डी राजा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आदि शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here